उच्चतर शिक्षा विभाग सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर अपना अकाउंट शुरू करेगा। इसका मकसद प्रदेश के यूनिवर्सिटी व कॉलेज में पढ़ने वाले युवाओं को अपने साथ जोड़ना है।
छात्रों से वहां की शिक्षा व्यवस्था और खामियों की जानकारी के साथ विभिन्न मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा। वहीं, कॉलेजों को भी फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल साइट पर अपना अकाउंट खोलना होगा।
हर कॉलेजों के प्रिंसिपल अपना संदेश युवाओं को इसके मार्फत भेजेंगे। कॉलेज अपनी गतिविधियां और उच्चतर शिक्षा विभाग, संबंधित यूनिवर्सिटी, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) आदि से मिलने वाले दिशा-निर्देश को बताएंगे। ताकि छात्रों को नई-नई जानकारियां मिल सकें।
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि फेसबुक, ट्विटर जैसे साइटों का कॉलेज गोइंग युवा ज्यादा इस्तेमाल करते हैं और अपडेट करते हैं।
ऐसे में इनके जरिये उन्हें अपडेट किया जा सकता है। ऑनलाइन फॉर्म में दिए जाने वाली सूचना के आधार पर छात्रों को सोशल साइट पर आमंत्रित किया जाएगा।
विभाग के अकाउंट पर एक फिल्टर भी लगाया जाएगा, ताकि अश्लील सामग्री को शरारती तत्वों द्वारा अपलोड नहीं किया जा सके। वहीं, यू-ट्यूब की मदद से छात्र अपनी प्रतिभा को भी एक मंच दे सकेंगे।
हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग की नई वेबसाइट पर सोशल नेटवर्किंग की सुविधा जोड़ी गई है। इस पर अभी और काम किया जा रहा है। इस सत्र से कॉलेजों को अपना फेसबुक, ट्विटर व यू-ट्यूब अकाउंट बनाने को कहा गया है। कॉलेज की गतिविधियां और अन्य सूचना इस पर बांटी जाएंगी।
-अरूण जोशी, डिप्टी डायरेक्टर, हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग