लोकसभा चुनाव को देखते हुए राजधानी में हरियाणा से धड़ल्ले से अवैध शराब आ रही है। राजधानी में अवैध शराब फरीदाबाद, गुरुग्राम व बहादुरगढ़ से आ रही है। जैतपुर थाना पुलिस ने फरीदाबाद निवासी एक ऐसे तस्कर सुमित कुमार को दबोचा है, जो एसयूवी गाड़ी से अवैध शराब की सप्लाई करता था।
आरोपी फरीदाबाद से अवैध शराब लाकर दिल्ली में महंगे दाम पर सप्लाई करता था। दिल्ली में पिछले एक महीने में जितने भी शराब तस्कर पकड़े गए हैं, उनसे खुलासा हुआ है कि राजधानी में फरीदाबाद, गुरुग्राम व बहादुरगढ़ से अवैध शराब आ रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी चिन्मय बिश्वाल के अनुसार, जैतपुर थानाध्यक्ष आनंद स्वरूप को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से इस्मेलपुर बॉर्डर होकर दिल्ली में अवैध शराब आएगी। थानाध्यक्ष आनंद स्वरूप के नेतृत्व में एएसआई धर्मवीर, एएसआई लोकेन्द्र व हवलदार मानसिंह की टीम ने इस्मेलपुर में पिकेट लगाकर चेकिंग शुरू की।
15 अप्रैल को देर शाम साढ़े सात बजे फरीदाबाद की तरफ से जॉयलो गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने रुकने की बजाय स्पीड बढ़ा दी। मगर बैरीकेड्स को आगे कर पुलिस ने गाड़ी को रुकवा लिया। गाड़ी से अवैध शराब के 75 कार्टन बरामद किए गए। पुलिस ने गाड़ी चला रहे सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए शराब की तस्करी करता था।