सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों की अब खैर नहीं है। जिला पुलिस विभाग ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। पुलिस विभाग ने इसके लिए अभियान भी शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शहर के पान विक्रेताओं और दुकानदारों को पुलिस अधिकारियों व हेल्थ फाउंडेशन (एसएचएफ), फोर्टिस फाउंडेशन की टीम ने संयुक्त रूप से तंबाकू व अन्य धूम्रपान उत्पादों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। दुकानदारों को तंबाकू व अन्य धूम्रपान उत्पादों को न बेचने की अपील की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू की गई मुहिम के तहत पहले पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। उसके बाद अभियान शुरु किया गया है। अभियान के तहत पहले चरण में दुकानदारों को उत्पाद न बेचने और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर इनका सेवन न करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पलवल बस स्टेंड चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया दुकानदारों को जागरूक किया कि धूम्रपान व तंबाकू उत्पादों पर रोक लगी हुई है। ऐसे में इन्हें न बेचें। उसके अलावा बस अड्डा क्षेत्र में लोगों को जागरूक कर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने के लिए जागरूक किया। प्रीतम सिंह ने कहा कि उसके बाद भी कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करता मिला तो कार्रवाई की जाएगी।