ब्लू लाइन पर मेट्रो ट्रेन में अचानक धुआं भरने के कारण अफरातफरी मच गई। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन को आनन-फानन में खाली करवाया गया। इस बीच किसी यात्री को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। डीएमआरसी ने ट्रेन को खाली करवाने के बाद लाइन से हटा दिया। फिलहाल तकनीकी टीम ट्रेन में धुआं भरने की जांच कर रही है।
बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे द्वारका से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी जा रही ट्रेन के आखिरी कोच में मंडी प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन से धुआं भरना शुरू हुआ। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पहुंचने तक ट्रेन में ज्यादा धुआं भर गया। धुआं बढ़ने के कारण यात्री आखिरी कोच से दूसरे कोच की ओर भागने लगे।
इस बीच मेट्रो के कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी गई। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर पहुंचने पर ट्रेन में धुआं अधिक भरने के बाद यात्रियों को तत्काल ट्रेन खाली करने के निर्देश दिए गए। डीएमआरसी प्रबंधन ने ट्रेन को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से लाइन से हटाकर तकनीकी जांच के लिए यमुना बैंक डिपो भेज दिया। ट्रेन को ट्रैक से हटाये जाने के दौरान लाइन पर कुछ देर तक मेट्रो ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
घटना से दहशत में आए यात्री
मेट्रो के आखिरी कोच में धुआं निकलने के बाद यात्रियों में दहशत की स्थिति पैदा हो गई । उन्होंनेे सोशल मीडिया के जरिये शिकायतें भी कीं। ट्रेन में हुई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को काफी देर तक दूसरी मेट्रो का इंतजार करना पड़ा। दूसरी मेट्रो के आने तक अक्षरधाम मंदिर पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
धुआं घुसने की कारणों की जांच शुरू
डीएमआरसी का कहना है कि फिलहाल ट्रेन में धुआं घुसने के कारणों के बारे में पता नहीं लग सका है। तकनीकी टीम ट्रेन की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही ट्रेन में धुंआ घुसने के कारणों का पता लग सकेगा।