स्मॉग ने सड़क यातायात के साथ-साथ अब हवाई मार्ग पर भी असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को स्मॉग के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर अचानक से घटी दृश्यता के कारण विमानों को रनवे पर उतरने तक की इजाजत नहीं मिली।
सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक स्मॉग के कारण हवाई मार्ग प्रभावित रहा। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने की वजह से 37 विमानों को एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने उतरने की इजाजत नहीं दी। इन विमानों का मार्ग परिवर्तित कर जयपुर, अमृतसर और लखनऊ कर दिया गया।
न केवल स्मॉग के कारण विमानों को डाइवर्ट कर दिया गया बल्कि दिल्ली से उड़ने भरने वाले 50 से अधिक विमान स्मॉग के कारण प्रभावित हुए। इस वजह से यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक दिल्ली एयरपोर्ट से आवाजाही करने वाले करीब डेढ़ सौ विमानों पर असर पड़ा। दिल्ली से अन्य शहरों की तरफ उड़ान भरने वाले विमान भी देरी से संचालित हुए।
दरअसल, कोहरे के दौरान कैट टू, थ्री स्तर के पायलट वाले विमानों को ही लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर विमानों को संचालित करने की स्वीकृति है।
स्मॉग को लेकर विमान कंपनियां पहले से तैयार नहीं थी इसी वजह से कम दृश्यता की स्थिति में दिल्ली आने वाले विमानों को रनवे पर उतारने की बजाए उन्हें अन्य एयरपोर्ट के लिए डाइवर्ट कर दिया गया। रविवार सुबह स्मॉग के कारण सड़क पर गाड़ियों को लाइट्स का इस्तेमाल करना पड़ा।
विमान संख्या एआई 763, 864, 440, 018 112 जयपुर के लिए परिवर्तित की गई तो विमान संख्या एआई 494, 940, 436 382, 470 अमृतसर के लिए। इसी तरह एआई 482, 635 लखनऊ के लिए तथा विमान संख्या 6ई-5336, एसजी-8722, एसजी-7094, यूके-856, यूके-884 का मार्ग परिवर्तित किया गया।