संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना।
क्षेत्र के नगीना खंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति चिंता का विषय बनी है। 8 जुलाई तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पूरे खंड में केवल 17 गांव ऐसे हैं, जहां 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो सका है। अधिकांश गांवों में काम की गति धीमी रहने से 14 जुलाई की निर्धारित समय सीमा तक अभियान पूरा होने पर सवाल उठ रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक खेड़ली खुर्द गांव 97.94 प्रतिशत कार्य के साथ सबसे आगे है, जबकि कंसाली गांव मात्र 32.98 प्रतिशत प्रगति के साथ सबसे पीछे है। खेड़ली खुर्द के बीएलओ मनोज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से गांव में बेहतर परिणाम मिले हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर बीएलओ की कार्य गति संतोषजनक नहीं है। साथ ही शिक्षकों की ड्यूटी इस अभियान में लगाए जाने से सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। समाजसेवी रजत जैन ने लोगों से अपील की कि वे बीएलओ का सहयोग करें, ताकि अभियान समय पर पूरा हो सके। वहीं तहसीलदार-कम-सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी रवि तंवर ने कहा कि 14 जुलाई तक लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। जिन गांवों और बूथों पर कार्य धीमा है, वहां अतिरिक्त बीएलओ तैनात किए जा रहे हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।