-स्पेशल सेल ने आठ मई 2023 को जाली नोटों की खेप पहुंचाने के दौरान पकड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राउज एवेन्यू जिला न्यायालय ने तमिलनाडु निवासी प्रशांत कुमार को जाली मुद्रा मामले में छह साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। स्पेशल सेल ने आठ मई 2023 को इंद्रप्रस्थ पार्क के सामने रिंग रोड पर उसे जाली नोटों के साथ पकड़ा। उसके कब्जे से दो लाख रुपये के जाली नोट मिले। उसकी निशानदेही पर गाजियाबाद के लोनी स्थित किराये के मकान से 2,72,500 रुपये के जाली नोट व छापने का सामान मिला। वहां 1,99,000 रुपये कीमत के 500 और 200 रुपये के जाली नोटों वाले 182 ए-4 कागज बरामद हुए। दो करोड़ रुपये के जाली नोट छापने योग्य 35 रीम जेके एक्सेल बॉन्ड पेपर भी मिले। अदालत ने 31 अगस्त को प्रशांत को दोषी ठहराया बृहस्पतिवार को छह साल की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया। जाली नोट रखने के लिए चार साल और दो हजार रुपये जुर्माने की अलग सजा भी मिली।