लोनी कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी छह वर्षीय बच्ची की हत्या कर दी गई। बच्ची सोमवार रात संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी, उसका शव सुबह घर के पास पड़ा मिला। पिता ने अपहरण के बाद हत्या किए जाने की बात कही। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल उसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मूलरूप से बिजनौर निवासी एक व्यक्ति चार साल से पत्नी और तीन बच्चों के साथ लोनी की एक कालोनी में रहता हैं। वह एक होटल पर रोटी बनाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी छह वर्षीय बेटी पास के एक स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा थी। वह छोटे भाई के साथ घर के पास ही एक मकान में ट्यूशन पढ़ती थी।
भाई-बहन रोजाना की तरह सोमवार शाम करीब आठ बजे ट्यूशन गए थे, तभी बच्ची घर पर भैया ने बुलाया है, कहकर बाहर चली गई। देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को भी जानकारी दी। पिता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे वह नमाज अदा करने मस्जिद जा रहे थे, रास्ते में बेटी का शव पड़ा देखा।
उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना भी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। बच्ची के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हत्या की धारा में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि बच्ची के साथ जबरदस्ती तो नहीं हुई थी।