वसंतकुंज(नार्थ) के तीन सिपाहियों समेत छह लोगों को लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी सिपाही सरकारी हथियार भी साथ लेकर गए थे। ये महिपालपुर स्थित एक कॉल सेंटर में लूटपाट करने पहुंच गए थे। कॉल सेंटर के मालिक व कर्मचारियों को संदेह हुआ तो एक आरोपी को पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस के तीनों सिपाहियों को रविवार व सोमवार की रात गिरफ्तार किया गया है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस ने सिपाहियों के संबंधित यूनिटों को गिरफ्तारी को लेकर सोमवार शाम को सूचना दे दी थी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार सिपाहियों की पहचान मनु कुमार, अमित व संदीप के रूप में हुई। मनु कुमार और अमित दक्षिण जिले के मालवीय नगर थाने में तैनात है, जबकि संदीप स्पेशल सेल की सदर्न रेंज में तैनात है। इनके तीन साथी हरियाणा निवासी जयकपूर, ऋरषि और अमन के रूप में हुई।
सभी छह आरोपी शनिवार को महिपालपुर स्थित कॉल सेंटर में पहुंच गए। मनु कुमार के हाथ में सरकारी पिस्टल थी। इन्होंने कॉल सेंटर का लैपटॉप, मोबाइल आदि सामान एकत्रित करना शुरू कर दिया। इन्होंने कॉल सेंटर के लोगों से पैसे भी ले लिए। कॉल सेंटर के लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने आरोपियों के साथ मारपीट करना शुरू कर दी।
कॉल सेंटर के कर्मचारियों ने जय कपूर को मौके पर पकड़ लिया, बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए। कॉल सेंटर के कर्मचारियों ने जय कूपर को वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तीनों सिपाही व दो अन्य आरोपियों को मुनिरका से गिरफ्तार कर लिया। मुनिरका में जयकुमार का मकान है। दिल्ली पुलिस इनको पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।