150 से अधिक छात्रों ने लिया सर्वेक्षण में हिस्सा, 10-12 स्थानों पर तत्काल सुधार की जरूरत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) परिसर और आसपास छात्रों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर किए गए अंधेरे वाले स्थलों के सर्वेक्षण में छह प्रमुख स्थानों को असुरक्षित क्षेत्र के तौर पर चिह्नित किया गया है। सर्वेक्षण में 150 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें से 33 सत्यापित प्रतिक्रियाओं के आधार पर ऐसे स्थानों की पहचान की गई, जहां रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने या स्ट्रीट लाइट खराब रहने के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सर्वेक्षण में रामजस चौराहे से विजयनगर होते हुए डीयू छात्रावास (डीआरसी) की ओर जाने वाला मार्ग प्रमुख अंधेरे वाले स्थल के रूप में सामने आया। इसके अलावा हिंदू कॉलेज के सामने का क्षेत्र और विश्वविद्यालय मार्ग पर ग्वायर हॉल छात्रावास के सामने का हिस्सा भी चिह्नित किया गया है। इसी तरह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से ग्वायर चौराहे होते हुए मिरांडा हाउस छात्रावास की ओर जाने वाला मार्ग, ओल्ड गुप्ता चौक से हकीकत पार्क तक का रास्ता और पोलो ग्राउंड के पास पोलो रोड को भी कम रोशनी वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। छात्रों ने पोलो रोड पर स्ट्रीट लाइटें अक्सर बंद रहने की शिकायत की।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए : यश
सर्वेक्षण के अनुसार, डीयू परिसर और आसपास करीब 10 से 12 स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था में तत्काल सुधार की जरूरत है। डूसू अध्यक्ष यश डबास ने चिह्नित स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने, खराब लाइटों की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त रोशनी से देर शाम छात्रों, विशेषकर छात्राओं, की सुरक्षित आवाजाही में मदद मिलेगी।