ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 130 मीटर रोड पर सोमवार रात सफेद स्विफ्ट कार में आए हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक से 6.5 लाख रुपये लूट लिए। युवक सड़क किनारे अपनी पंक्चर हुई कार का टायर बदल रहा था। युवक ने लूट की सूचना 100 नंबर पर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पंचशील सोसायटी में रहने वाले विकास त्यागी के पिता गेल के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। विकास पंचशील सोसायटी में किराए के फ्लैट में रहते हैं। विकास ने 28 फरवरी को पिता से पांच लाख रुपये लिए थे। डेढ़ लाख रुपये उनके पास पहले से थे।
साढ़े छह लाख रुपये वे फ्लैट के लिए बिल्डर के कार्यालय में जमा कराने वाले थे। ईकोटेक-3 थाना पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 130 मीटर रोड से पंचशील सोसायटी जाते समय खेड़ी भनौता गांव के समीप उनकी कार का टायर पंचर हो गया। वह टायर बदलने लगे।
इसी दौरान सफेद कार में सवार बदमाश उनके पास आकर रुके। बदमाशों ने विकास की मदद के बहाने पूछताछ की और उसे अकेले पाकर पिस्टल तान दी। बदमाशों को देखकर विकास ने अपनी चेन तोड़कर कार के अंदर फेंक दी। बदमाशों ने कार की तलाशी ली और डैश-बोर्ड में रखे साढ़े छह लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
सुरक्षा एजेंसी शुरू करना चाहते हैं विकास
विकास पहले चेन्नई में नौकरी करते थे। पिछले छह माह से वे बेरोजगार हैं। वह सुरक्षा संबंधी स्वयं की एजेंसी शुरू करने वाले थे। गौतमबुद्ध नगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने कहा कि शिकायत के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विकास ने बताया गया है कि 28 फरवरी को उसके पिता ने पांच लाख रुपये दिए थे।