सावन के आखिरी सोमवार पर दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा, इस वजह से सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक गोशाला अंडरपास से वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
डायवर्जन कर वाहनों को सादिक की पुलिया और चिपियाना फाटक के रास्ते निकाला जाएगा। इससे छह घंटे तक शहर दो हिस्सों में बंटा रहेगा। सोमवार होने की वजह से वाहनों की तादाद भी सड़कों पर ज्यादा रहेगी, इससे लोगों को जाम से जूझना पड़ेगा।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल यादव ने बताया कि सोमवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक होेने के कारण गोशाला अंडरपास पर दोपहर 12 बजे के बाद भीड़ कम होने पर खोल दिया जाएगा।
बता दें कि सावन के हर सोमवार को गोशाला अंडरपास छह घंटे के लिए बंद कर दिया जाता है। वाहनों को गोशाला अंडरपास से नहीं जाने दिया जाता।
उन्हें या तो 10 किमी लंबा सफर कर एनएच-24 से जाना पड़ता है या सादिक की पुलिया से। इससे दिल्ली और नोएडा आने-जाने वालों को दिक्कत होती है।