संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। शकरपुर स्थित उपाध्याय ब्लॉक में सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के तमाम दावे धराशायी हो गए हैं। दावा है कि यहां पिछले दो महीनों से सीवर का पानी गलियों में ओवरफ्लो हो रहा है। कन्फेडरेशन ऑफ एनसीआर आरडब्ल्यूए ईस्ट दिल्ली चैप्टर के सचिव अशोक शर्मा ने बताया कि मदर डेयरी रोड से लगती गली नंबर-4 और लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 और 4 के सामने वाली गलियों की स्थिति बेहद खराब है। सीवर जाम होने के वजह से गंदा पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, कॉलोनी में बदबू फैल रही है। साथ ही, पीने के पानी की लाइनों में भी सीवर का पानी मिलकर आ रहा है। स्थानीय निवासी सुनील सैनी का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी समस्या पर मौन साधे हैं। वहीं, गंदे पानी के वजह से इलाके में बीमारियां फैलने का खतरा बना है।