नई दिल्ली।
नैटग्रिड (नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड) के उपलब्ध डाटा का अब दिल्ली पुलिस भी इस्तेमाल करने लगी है। दक्षिण जिले की डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने नैटग्रिड पर उपलब्ध डाटा का इस्तेमाल व 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर शातिर झपटमार जल विहार, लाजपत नगर, नई दिल्ली निवासी राजिश अंसारी (26) को 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में 11 जून को मोबाइल फोन छीनने की घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल आई। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह काम पर जा रही थी और डिफेंस कॉलोनी के C-ब्लॉक के पास पहुंची तो मोटरसाइकिल पर सवार एक अनजान युवक पीछे से आया, उसका मोबाइल फोन छीना और मौके से भाग गया।