गुरुग्राम की अमर कॉलोनी में शुक्रवार देर रात ऑटो में आए सात-आठ बदमाशों ने एक महिला को लाठी-डंडों से पीट पीटकर मार डाला। बदमाशों ने महिला के साथ उसके भाई व बच्चों को भी पीटा। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के भाई श्रवण की गांधी नगर निवासी दिनेश के साथ पुरानी रंजिश थी। इस पर उसने अपने साथियों से साथ मिलकर उसकी बहन रुक्मिणी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी दिनेश फरार है।
पुलिस के मुताबिक रात करीब आठ बजे दिनेश अपने साथियों के साथ अमर कॉलोनी की गली नंबर-2 निवासी रुक्मिणी (35) के घर पहुंचा और श्रवण के बारे में पूछा। रुक्मिणी ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो दिनेश और उसके साथियों ने उस पर रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बचाव के लिए आए श्रवण के बड़े भाई प्रभुदयाल पर भी जानलेवा हमला
किया और घर में मौजूद बच्चों को भी नहीं बख्शा। घटना के बाद आस पड़ोस के लोगों ने घायलों को सभी को अस्पताल में दाखिल कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में ओम नगर निवासी प्रवीण उर्फ गौड़ा व गौरव, गांधी नगर निवासी राजेश व शक्ति पार्क निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी क्राइम-1 प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले मामूली विवाद पर श्रवण ने दिनेश को थप्पड़ मार दिया था। इसका बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
...और दिल्ली में थप्पड़ का बदला लेने के लिए मारे चाकू
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए कुछ लोगों ने मोहम्मद बिलाल (28) को चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। बिलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, जेजे कॉलोनी बवाना में रहने वाला बिलाल एक फैक्टरी में काम करता है। शुक्रवार देर रात वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
बिलाल ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी एक युवक से कहासुनी हुई थी। उसने उसे थप्पड़ मार दिया था। शुक्रवार रात वह अपने घर के बाहर था। पड़ोस में कुछ युवक डीजे बजाकर नाच रहे थे। इसी दौरान उससे झगड़ने वाला युवक तीन-चार दोस्तों के साथ आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दो युवकों ने उसे पीछे से पकड़ लिया और अन्य दो युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।