यदि आपके मोबाइल पर केवाईसी अपडेट कराने को लेकर कोई कॉल या मैसेज आए तो सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि आपके खाते से रकम निकाल ली जाए। मयूर विहार इलाके में एक बुजुर्ग के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।
उन्हें पेटीएम खाते के केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करवाया गया। बाद में उनका मोबाइल हैक कर खाते से 5.52 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राजकुमार सिंह (68) परिवार के साथ पॉकेट-4, मयूर विहार फेज-1 में रहते हैं। राजकुमार के बेटे नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता के पास पेटीएम खाते का केवाईसी कराने के नाम पर एक एसएमएस आया।
राजकुमार ने दिए गए नंबर पर कॉल कर संपर्क किया। आरोपी ने बताया कि यदि केवाईसी अपडेट नहीं कराया तो उनका खाता बंद हो जाएगा। राजकुमार आरोपियों के झांसे में आ गए। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल पर एक लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद आरोपी ने राजकुमार से उनके खाते की जानकारी लेकर एप के जरिये उनका मोबाइल हैक कर लिया।
बताया गया है कि आरोपी ने पहले पीड़ित के दो बैंक खातों से 10-10 रुपये दो रिचार्ज करवाए। इसके बाद एक खाते से 3.12 लाख रुपये और दूसरे खाते से 2.40 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित के दोनों खाते खाली हो गए तो उन्हें ठगी का पता चला।