सिग्नेचर ब्रिज पर बृहस्पतिवार तड़के हादसे के पीछे गाड़ी की तेज रफ्तार बड़ी वजह सामने आई है। आशीष करीब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहा था। हादसे के बाद पुलिस को फोन करने वाले ट्रांसपोर्टर ने बताया कि वह अपनी गाड़ी लेकर सिग्नेचर ब्रिज से गुजर रहा था, इसी दौरान सफेद रंग की गाड़ी ने उनकी गाड़ी की तेजी से ओवरटेक किया। सिग्नेचर ब्रिज पार कर आगे वाई प्वाइंट के पास पहुंचते ही ओवरटेक करने वाली गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। चालक पुल से नीचे गिरा हुआ था और अन्य युवक कार में ही घायल थे।
ट्रांसपोर्टर अखिलेश पांडेय ने बताया कि हादसे के समय कार की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रही होगी। करीब 4.23 बजे पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना दी। घायल युवक के परिजन ने बताया कि विशाल के पिता राम नरेश अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी एसयूवी खड़ी थी। ऐसे में विशाल ने आशीष, ऋषभ और यश से मुरथल चलने की बात की थी। चारों ने तड़के चार बजे जाने का प्रोग्राम बनाया। तय समय के अनुसार विशाल ने चार बजे अपनी गाड़ी निकाली और मुरथल के लिए निकल गए। चूंकि विशाल नाबालिग था, इसलिए आशीष ने गाड़ी की कमान संभाल ली। यश ने बताया कि सिग्नेचर ब्रिज पार करते ही वाई-प्वाइंट के पास अचानक एक ट्रक आ गया। आशीष ने जैसे ही गाड़ी को दूसरी ओर काटा वह नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
आशीष की मौत के बाद से उसके घर में मातम छाया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना था कि वह बिना बताए ही घर से निकला था। इस दौरान परिवार के सारे सदस्य सो रहे थे। तड़के ही उसकी मौत की सूचना मिली। घटना के बाद से आशीष की मां रोते हुए बार-बार बेहोश हो रही थी। आशीष के पिता सत्यनारायण शर्मा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव रहे हैं। उनके बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद संदीप दीक्षित समेत कई कांग्रेसी नेता उनके घर सांत्वना देने पहुंचे।
परिवार के करीबी श्रवण पांचाल ने बताया कि आशीष परिवार के साथ बी-324, अशोक नगर में रहता था। पिता सत्यनारायण का प्रॉपर्टी का कारोबार है, वहीं नितेश कार कंपनी में नौकरी करता है। आशीष सुभारती यूनिवर्सिटी से बीए कर रहा था। हादसे में घायल विशाल परिवार के साथ बी-330 अशोक नगर में रहता है। उसके पिता राम नरेश की इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान है। यश व ऋषभ भी आशीष के घर के पास ही रहते हैं। विशाल व यश स्कूल के छात्र हैं, वहीं आशीष व ऋषभ ग्रेजुएशन कर रहे थे। हादसे में विशाल को गंभीर चोट लगी है, वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है।
सिग्नेचर ब्रिज पर अब तक हुए हादसे
19 अप्रैल 2019 : सिग्नेचर ब्रिज पर तार टूटकर बाइक सवार युवक की छाती पर लगा, युवक उछलकर बाइक से गिरा, मौके पर मौत।
09 मार्च 2019 : वजीराबाद से सिग्नेचर ब्रिज की ओर जा रहे फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, हादसे में एक युवक की मौत।
05 जनवरी 2019 : सिग्नेचर ब्रिज पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार युवक को कुचला युवक की मौके पर हुई मौत।
24 नवंबर 2019 : सिग्नेचर ब्रिज पर वाई-प्वाइंट के पास मोड़ पर बाइक स्लिप होने से दो युवक बुरी तरह घायल, एक की इलाज के दौरान मौत
23 नवंबर 2018 : सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद स्पोर्ट्स बाइक पर सवार मेडिकल के दो छात्र फ्लाईओवर से 30 फुट नीचे गिरे, दोनों की मौत।