सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के मौके पर मनोज तिवारी को रोकते पुलिसवाले
- फोटो : अमर उजाला
सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान हुए विवाद में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घिरते नजर आ रहे हैं। आप विधायक अमानतुल्लाह के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर में केजरीवाल को भी आरोपी बनाया गया है। ऐसे में जल्द उनकी परेशानी बढ़ सकती है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने अमानतुल्लाह के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा धाराओं में मामला दर्ज किया है। जानकारों का कहना है कि इन धाराओं में मामला दर्ज करना दिल्ली पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। जल्द ही उनसे पूछताछ हो सकती है।
गौरतलब है कि सिग्नेचर ब्रिज हंगामा मामले में दिल्ली पुलिस के उस्मानपुर थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई थी। एक एफआईआर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की शिकायत पर आप विधायक अमानतुल्लाह के खिलाफ दर्ज की गई है। एफआईआर आईपीसी की धारा 323 (मारपीट करना), 506 (जान से मारने की धमकी देना), 308 (चोट पहुंचाना), 120बी (अपराधिक षडयंत्र रचना), 341 (रास्ता रोकना) और 34 (दो व उससे अधिक) आदि धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एफआईआर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में कहा गया है कि अमानुल्लाह ने अरविंद केजरीवाल के उकसाने के बाद तिवारी को जान से मारने की नीयत से नीचे धक्का दिया। हालांकि एफआईआर में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्यौहार के चलते तफ्तीश शुरू नहीं हुई थी। हालांकि अपराध शाखा के पास तीनों केसों की एफआईआर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार से तफ्तीश तेज हो जाएगी।