अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सोमवार को तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक घंटे तक सेवाएं बाधित रहीं। गुरुग्राम स्थित मिलेनियम सिटी सेंटर टर्मिनल पर सुबह लगभग 11.45 बजे सिग्नल सिस्टम फेल हो गया। इस कारण समयपुर बादली की ओर जाने वाली ट्रेनों को रिवर्स करने में दिक्कत आई और सुल्तानपुर से मिलेनियम सिटी सेंटर के बीच का परिचालन प्रभावित हो गया।
कार्यालय जाने का व्यस्त समय होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें करते हुए लिखा कि दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने में सामान्य से दोगुना समय लग रहा है। करीब 12.41 बजे सिग्नल दुरुस्त होने के बाद सेवाएं पटरी पर लौटीं। यह चार दिन में दूसरी बार है जब येलो लाइन पर सिग्नल संबंधी खराबी सामने आई है। इससे पहले 29 अगस्त को नई दिल्ली से पटेल चौक के बीच साढ़े चार घंटे तक परिचालन बाधित रहा था, जिसके चलते कश्मीरी गेट और हौज खास जैसे इंटरचेंज स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ गई थी।