फरीदबाद के बल्लभगढ़ इलाके में स्थित गांव शाहपुर कलां में रहने वाले एक 12 वर्षीय बच्चे का शव पलवल के किठवाड़ी के पास आगरा नहर से बरामद किया गया है। मृतक के परिजनों ने इसी गांव में रहने वाले दिल्ली पुलिस के देवेंद्र नामक सिपाही पर हत्या का आरोप लगाया है।
शव बरामद होने के बाद गुस्साए परिजन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सदर थाने में पहुंच गए। शव रखकर थाने का घेराव किया। सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर डीसीपी देवेन्द्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला पुलिस पहले ही दर्ज कर चुकी है। जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने जाम खोला।
जानकारी के मुताबिक वाहिद नामक व्यक्ति परिवार के साथ यहां खेतीबाड़ी का काम करता है। जबकि उसका बेटा मनीष एक स्कूल में छठी क्लास में पढ़ रहा था। बताया गया है कि रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण मनीष सुबह से घर से खेलने के लिए निकला था। लेकिन लौट कर नहीं आया। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पता न चलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
मंगलवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि किठवाड़ी में आगरा नहर से बच्चे का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने उसकी शिनाख्त मनीष के रूप में की। वाहिद का आरोप है कि घटना वाले मनीष दिल्ली पुलिस के जवान देवेंद्र के ट्यूबवैल पर नहाने गया था। वहीं पर सिपाही ने मनीष की पिटाई की थी। परिजनों का आरोप है कि सिपाही ने अपने अपराध पर पर्दा डालने के लिए बच्चे के शव को नहर में फेंक दिया।