पूर्व भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सियासी खिचड़ी अभी तक पक नहीं सकी है। सिद्धू के साथ संबंधों पर आप बेहद संभलकर कदम उठा रही है।
पार्टी नेता सिद्धू की पीठ थपथपाने से आगे जाने को तैयार नहीं हैं। सूत्र बताते हैं कि आप के शीर्ष नेतृत्व और सिद्धू के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है। सोमवार को सिद्धू का बयान आने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा।
वहीं, दिल्ली प्रदेश संयोजक दिलीप पांडेय ने एक बार फिर सिद्धू की तारीफ के कसीदे पढ़े। लेकिन पार्टी में सिद्धू के शामिल होने के सवालों को पांडेय ने टाल दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सिद्धू अगर पंजाब जाते तो ड्रग्स के बारे में बात करते लेकिन भाजपा ने उन्हें पंजाब जाने से रोक दिया। केजरीवाल ने सवाल किया कि हैरानी यह है कि भाजपा सिद्धू को रोककर किसको बचाने की कोशिश कर रही है?