शूटर तारा शाहदेव केस में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। जबरदस्ती तारा का धर्म परिवर्तन कराने और खुद को हिंदू बताकर शादी करने वाले रंजीत उर्फ रकीबुल हसन के झारखंड के राजनेताओं से भी गहरे संबंध थे।
विज्ञापन
आरोपी रंजीत की पत्नी तारा ने कई नेताओं के नाम सार्वजनिक भी किए हैं। तारा ने रंजीत के हाईप्रोफाइल कनेक्शन और उसके रुतबे के पीछे इन्हीं राजनेताओं का हाथ होने का दावा किया है।
तारा ने बताया कि रंजीत के पास दिनभर फोन आते रहते थे जिनसे वह कभी नाम लेकर नही बात करता था। वह फोन पर हमेशा 'सरकार' कहकर ही बात करता था। तारा का आरोप है कि रंजीत ने कभी भी फोन करने वाले का नाम नहीं लिया वह उसे हमेशा सरकार ही कहता था।
विज्ञापन
आखिर कौन है ये 'सरकार'? जिसके लिए रंजीत ने अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया?
सेक्स रैकेट चलाता था रंजीत?
समाचार चैनल एबीपी न्यूज को दिए गए इंटरव्यू में तारा ने कहा कि रंजीत उर्फ रकीबुल हसन किसी नवंबर प्लान पर काम कर रहा था। जिसमें उसने कहा था कि सिर्फ नवंबर तक की ही बात है उसके बाद तो वह दिल्ली में बैठकर पूरी दुनिया पर राज करेगा।
तारा ने कहा कि रंजीत का नाम सेक्स रैकेट चलाने के मामले में भी सामने आया है। उसने फोन पर किसी डील की बात सुनी तो आगे जानने की कोशिश की लेकिन रंजीत ने उसे नहीं बताया और कहा कि आगे चलकर सब पता चल जाएगा।
तारा ने कहा कि रंजीत हमेशा हिंदू लड़कियों को निशाने पर लेता था और उन्हें राजनेताओं के पास भेजता था। आरोप है कि रंजीत मासूम लड़कियों को पैसे और शोहरत के बहाने फंसाता था और फिर उन्हें होटलों में भेजता था।लड़कियों को फंसाने के लिए वह उन पर पैसे भी लुटाता था।
ये लड़कियां अक्सर एडमिशन या फिर किसी और काम के जरिए रंजीत के पास आती थीं। काम होने के बाद रंजीत उन लड़कियों से अपनी नजदीकी बढ़ाना शुरू कर देता था।
'सोचा भी नहीं होगा कहां पहुंच जाओगी'
तारा ने इस बात का खुलासा भी किया कि रंजीत भोली-भाली लड़कियों को फंसाता था। उसने कहा कि अगर कोई लड़की अपने एडमिशन के लिए उसके पास आती थी तो वह फिर उसके चंगुल में फंस जाती थी।
एडमिशन होने के बाद वह लड़की को शॉपिंग कराता था, उसे अपनी गाड़ी से घर छोड़ने जाता था। यही नहीं उसने लड़कियों से यह भी कहा कि उसके साथ रहेंगी तो वह ऐसी जगह पहुंचा देगा जिसके बारे में उसने सोचा भी नहीं होगा।
जब लड़कियां रंजीत की बातों में आ जातीं तो वह नेताओं को फोन करके समय बताता था कि कितने बजे होटल पहुंचाना है।
तारा ने रंजीत पर खुलेआम ये आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि रंजीत ने उसे तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। रंजीत ने अपनी मां के कहने पर उसे एक बार नहीं कई बार जमकर पीटा था।
'वीआईपी की तरह होता था स्कॉर्ट'
तारा का आरोप है कि पूरे झारखंड में रंजीत का ऐसा ख्याल रखा जाता था जैसे वह कोई वीआईपी हो। रंजीत को हमेशा एक गाड़ी रिसीव करने आती थी। रंजीत की गाड़ी पर अलग-अलग रंग की बत्तियां लगी रहती थीं।
वह जहां भी जाता तो उसकी गाड़ी के साथ उस पर लगी बत्ती भी बदल जाती थी। आरोप है कि रंजीत ने पुलिस, प्रशासन, जुडिशियरी और राजनेता सबको अपने कब्जे में कर रखा था।
तारा के इन आरोपों की पुष्टि इस बात से भी होती है कि जब रंजीत को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया तो होटल में उसके कमरे से झारखंड के एक न्यायाधीश भी मौजूद थे। रंजीत के कमरे में जज की मौजूदगी कई तरह के सवाल खड़े करती है।
तारा ने पहले ही कहा था कि रंजीत को बचाने में कानून-व्यवस्था के कुछ लोग जुटे हुए हैं।
शूटर तारा शाहदेव का कहना है कि रंजीत ने उसे हमेशा प्रताड़ित किया है। शादी के कुछ दिन बाद ही वह धर्म परिवर्तन के लिए उसे परेशान करने लगा। मना करने पर उसने कुत्ते से कटवाया।
रंजीत की मां से तारा की लड़ाई होने के बाद ये पूरा मामला सामने आया है। तारा का आरोप है कि मां के कहने पर उसने उसकी जमकर पिटाई की थी।
दरअसल, किसी बात को लेकर रंजीत की मां और तारा के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत उसकी मां ने रंजीत से की थी। मां की बात सुनकर रंजीत घर पहुंचा और बिना कुछ कहे सुने तारा को जमकर पीटा। तारा का कहना है कि उसने अपनी गलती मानते हुए सास के पैर छूकर माफी मांगी थी लेकिन फिर भी उसे नहीं बख्शा गया।
यही नहीं, रात में घर आने के बाद उसने एक बार फिर उसी बात के लिए तारा की जमकर पिटाई की। रंजीत की हरकतों से परेशान होकर तारा ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल रंजीत और उसकी मां 14 दिनों की पुलिस हिरासत में हैं।