दिल्ली विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पांचवीं बार जीते विधायक शोएब इकबाल ने आम आदमी पार्टी को बिना शर्त समर्थन दिया है।
शोएब बताते हैं कि कांग्रेस से पहले ही समर्थन की चिट्ठी दे दी थी। अब केजरीवाल मुख्यमंत्री बनने वाले हैं तो उन्हें टेलीफोन पर बधाई भी दी है।
हालांकि विधानसभा में उपाध्यक्ष की कुर्सी संभाल चुके शोएब कहते हैं कि अभी किसी पद की बातचीत ‘आप’ नेताओं से नहीं हुई है। समर्थन देने से पहले भी कोई ऐसी बात नहीं हुई थी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के 2003-2008 के शासनकाल में एकलौती सीट के बावजूद विधानसभा के उपाध्यक्ष बनाए गए थे। अब ‘आप’ की 28 सीटें हैं और कांग्रेस के 8 विधायक हैं।
ऐसे में एक विधायक के विधानसभा अध्यक्ष बनने पर 35 बचेंगे। किसी मुद्दे पर वोटिंग हुई तो बहुमत के लिए विधानसभा अध्यक्ष को वोट करना पड़ सकता है। इन हालातों में शोएब का वोट सरकार के पक्ष में काम आएगा।
राजनिवास पर पीपली लाइव जैसी भीड़
अरविंद केजरीवाल ने रायशुमारी का हवाला देकर रविवार को ही सरकार बनाने का दावा पेश करने के संकेत दिए थे।
सोमवार सुबह कौशांबी दफ्तर पर पीएसी बैठक के बाद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के साथ दिल्ली के राजनिवास पर मीडिया की भीड़ जमा होने लगी थी।
रास्ते में पुलिस और मीडिया लाइव वैन लगी थी। केजरीवाल 12 बजे पहुंचे तो वहां मीडिया कैमरे और रिपोर्टर्स का जमावड़ा था।
उपराज्यपाल से मिलकर निकले और बयान देने लगे तो इतनी धक्का-मुक्की हुई कि दो लाइन बोलकर वहां से निकल गए। लेकिन राजनिवास से करीब डेढ़ घंटे दर्जनों चैनल लाइव पर थे।
विधानसभा में रंग-रोगन तेज, हरी घास भी तैयार
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर विधानसभा में रंग-रोगन का काम तेज कर दिया गया है। चका-चक सफेद विधानसभा भवन को नए विधायकों के लिए रंग रोगन के साथ तैयार किया जा रहा था।
अब नए मुख्यमंत्री भी आ रहे हैं तो काम की स्पीड और बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं हरी घास और कंगारू, जेबरा, जिराफ के स्ट्रक्चर लगाकर उसमें हरियाली की जा रही है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि नए मुख्यमंत्री जब आएंगे तो उन्हें सब कुछ अच्छा लगेगा।