पुलिस से जुड़े दो मामलों ने महकमे को शर्मसार कर दिया। एक तरफ अदने से वाहन चोर खाकी के इकबाल को खुली चुनौती देते हुए सिविल लाइन चौकी से बाइक उड़ा ले गए। वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की सिपाही का बेटा जीटी रोड स्थित डी-मार्ट में जूते चोरी करते पकड़ा गया। पुलिस पहुंची तो उसे भी धमका दिया कि हाथ मत लगा देना, पुलिसवाली का बेटा हूं। चौकी से बाइक चोरी होने की जांच एसएसपी ने एसपी सिटी को सौंपी है, तो वहीं सिहानी गेट पुलिस ने सिपाही के जूता चोर बेटे को जेल भेज दिया। दोनों ही घटनाएं पुलिस महकमे में चर्चा और शर्मिंदगी का विषय बनी हुई हैं।
बाइक चोरी, चेकिंग में सीज कर चौकी में खड़ी की थी बाइक
बीती पांच जुलाई को सिविल लाइन चौकी पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान विजय नगर निवासी आशीष को पुलिस ने रोक लिया। दस्तावेज न होने केकारण दरोगा ने बाइक सीज कर चौकी में खड़ी कर दी। दो दिन पहले आशीष चौकी पहुंचा तो बाइक गायब मिली। जिसके बाद पुलिस में हड़कंप मच गया।
युवक बोला- मुझे मेरी ही बाइक चाहिए
किरकिरी से बचने को पुलिस इस जुगत में लग गई कि मामला चौकी की चारदीवारी में निपट जाए। लेकिन, युवक अड़ गया कि उसे उसकी ही बाइक चाहिए। इसके बाद चौकी इंचार्ज दिनेश प्रकाश शर्मा ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
जूता चोर: नंगे पैर आए और जूते पहनकर चलते बने
जीटी रोड स्थित डी-मार्ट के असिस्टेंट मैनेजर अमरदीप पांडेय के मुताबिक रविवार रात करीब आठ बजे दो लड़के नंगे पैर आए। थोड़ी देर बाद दोनों लड़के जूते पहनकर जाने लगे। कर्मचारियों ने बिना बिल कटवाए जाने का शोर मचाया तो वे भागने लगे। एक युवक को दबोचकर कर्मचारियों ने उसे सिहानी गेट पुलिस के हवाले कर दिया।
बीए तृतीय वर्ष का छात्र है जूता चोर
सिहानी गेट थाने के एसएसआई अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी हर्ष उर्फ चीनू निवासी कोटगांव, नगर कोतवाली है। उसने मुंह में ब्लेड भी छिपा रखा था। चीनू की मां दिल्ली पुलिस में सिपाही है। एसएसआई ने बताया कि पुलिस जब उसे पकड़ने डी-मार्ट पहुंची तो चीनू ने सिपाही को को धमका दिया कि हाथ मत लगा देना। चीनू डीयू से संबद्ध श्री अरविंदो कालेज साउथ दिल्ली में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। जबकि, फरार आरोपित 12 कक्षा में पढ़ने वाला नाबालिग है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस चौकी से बाइक चोरी के मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है। सीसीटीवी कैमरे में कोई व्यक्ति चौकी में जाता हुआ भी दिखाई नहीं दे रहा। इससे मामला और पेचीदा हो गया है। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जूता चोरी में पकड़ गए युवक को खिलाफ मुकदमा लिखकर उसे जेल भेज दिया गया है। कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह पुलिसकर्मी का बेटा या खुद पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।
सुधीर कुमार, एसएसपी