उत्तर प्रदेश में भारी बहुमत से चुनाव जीतने के बाद भाजपा की योगी सरकार ने अपना वादा पूरा करते हुए बूचड़खानों समेत अवैध मीट शॉप्स बंद करा दी हैं। योगी सरकार के इस कदम से प्रेरित होते हुए अन्य भाजपानीत राज्य भी मीट की दुकानों व बूचड़खानों को जबरन बंद करा रहे हैं।
हरियाणा का गुरुग्राम इसका ताजा उदाहरण है जिसकी वजह से वहां के मीट व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नवररात्रि के शुरु होते ही करीब 200 शिव सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय फूड चेन केएफसी समेत करीब 500 मीट की दुकानों को 9 दिन के लिए जबरन बंद करा दिया है।
इसके साथ ही शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने नॉन-वेज शॉप की दुकानों को भविष्य में हर मंगलवार को बंद रखने की धमकी दी है। शिवसेना के गुरुग्राम शाखा के प्रवक्ता ऋतु राज ने बताया कि, 'हमने नॉन-वेज में डील करने वाले होटलों, ढाबों और उन खाने पीने की दुकानों को नोटिस भेजा है कि वो नवरात्रि के दौरान और हर मंगलवार को अपनी संस्थान बंद रखें वरना उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।'