इंदिरापुरम स्थित शिप्रा मॉल के पानी में क्लोरिनेशन न होने से स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने क्लोरिनेशन शून्य पाए जाने की वजह से नोटिस जारी कर दो दिन में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
इसमें मॉल में 20-20 हजार लीटर की टंकियों में क्लोरिनेशन शून्य होने के साथ ही एक टैंक गंदगीयुक्त पाया गया है। इसकी वजह से संक्रमण फैल सकता है। इसके अलावा एयरकंडीशन परिसर के हौदों में पानी भरा हुआ है, जिसकी वजह से कभी भी संक्रमण फैल सकता है और जलजनित बीमारियां हो सकती हैं।
मॉल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी युद्धवीर सिंह का कहना है कि हमारे यहां आरओ सिस्टम लगा हुआ है। सभी को पीने के लिए स्वच्छ पानी मिलता है। इसकी जानकारी सैंपल लेने आए कर्मचारी को भी दी गई थी।
50 जगहों के लिए गए पानी के नमूने
संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग ने मई महीने में गाजियाबाद और साहिबाबाद के 20 स्कूल और 30 अन्य संस्थान जैसे रेस्टोरेंट, ढाबा, होटल, पार्लर आदि मिलाकर 50 जगह से पानी के नमूने लिए हैं।
इनमें 15 स्कूलों और 21 अन्य संस्थानों के पानी के नमूने फेल मिले हैं। जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने बताया कि इनमें से करीब अस्सी फीसदी जगहों के पानी के सैंपल फेल पाए गए हैं।