शीतला माता मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती भक्ति उत्सव के दौरान भक्तों को कानूनी तौर से जागरूक किया जाएगा।
इसके लिए बुधवार को मंदिर परिसर में गुरुग्राम के जिला एवं सत्र न्यायधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष हरनाम सिंह ठाकुर ने कानूनी साक्षरता शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी अभिषेक फुटेला भी मौजूद रहे।
ठाकुर ने शीतला माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर शिविर की शुरूआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता व कानूनी मार्गदर्शन के लिए इस प्रकार के साक्षरता शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि लोग समय आने पर उनका उपयोग कर सकें ।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी अभिषेक फुटेला ने कहा कि प्राधिकरण की स्थापना का उद्देश्य लोगों को सस्ता व सुलभ न्याय देना है। प्राधिकरण की टीम द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाती है।