लंबे समय से ताक में बैठीं शाजिया इल्मी को आज वह मौका मिल ही गया जिसका शायद वह इंतजार कर रहीं थी।
पत्रकारिता का पेशा छोड़ राजनीति में आने वाली आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता और फिलहाल भाजपा में शामिल शाजिया इल्मी ने आज खुलकर अपनी भड़ास निकाली।
आप में मचे घमासान और योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, प्रोफेसर आनंद कुमार और अजित झा को पार्टी से निकाले जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुझे यह बात बिल्कुल भी नहीं चौंकाती। मुझे पता है कि आप में इसी तरह की राजनीतिक गुंडागर्दी चलती है।
'किसी भी स्तर पर जा सकते हैं केजरीवाल'
शाजिया ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि वह अपने खिलाफ आवाज उठाने वाले को पार्टी से बाहर निकालने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। वह सत्ता पाने और उसमें बने रहने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को पार्टी से निकालने के लिए जो कुछ किया गया वह राजनीतिक गुंडागर्दी की इंतहा है। उन्हें बहुत ही गलत ढंग से पार्टी से निकाला गया है जो बेहद शर्मनाक है।
शाजिया ने अरविंद केजरीवा और मनीष सिसोदिया पर मिली भगत का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद सीएम बन गए और अपने चहेते को डिप्टी सीएम बना दिया।
अरविंद और मनीष करते हैं दूसरों का इस्तेमाल
अरविंद और मनीष किसी और की बिल्कुल भी चिंता नहीं करते। अपने फायदे के लिए उन्होंने लोगों का इस्तेमाल किया और फिर उन्हें छोड़ दिया।
आप कुछ लोगों को हमेशा के लिए बेवकूफ बना सकते हैं। पूरी जनता को भी कुछ समय के लिए मूर्ख बनाया जा सकता है लेकिन सभी को हमेशा बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता है।
शाजिया ने कहा कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव में मतभेद हो सकता है लेकिन अरविंद और उनके लोग असभ्य और गुंडे हैं।
क्या कहा अन्ना ने
इस दौरान आम आदमी पार्टी में चल रहे घमासान पर अन्ना हजारे ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी के अंदर का मामला है। मैं इस मामले में क्यों दखल दूं। वैसे भी यह पूरा मामला मेरी समझ से परे है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आज जो अपने नेताओं के साथ किया कल जनता भी इन लोगों के साथ वैसा ही करेगी।
आप के घमासान पर भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा कि इसमें कुछ नया नहीं है। आप में जिसने भी सुप्रीमो के खिलाफ आवाज उठाई है उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।
मेधा पाटेकर ने दिया इस्तीफा
देश की जानी मानी सामाजिक कार्यकर्ता और अरविंद केजरीवाल के साथ अन्ना आंदोलन में शामिल मेधा पाटेकर ने इस पूरे प्रकरण के बाद आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।
आम आदमी पार्टी में हो रही खींचतान और चार बड़े नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाले जाने पर मेधा पाटेकर ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने योगेंद्र यादव के बारे में कहा कि वह न सिर्फ एक योग्य व्यक्ति हैं बल्कि उन्होंने सामाजिक जीवन में भी काफी सराहनीय काम किए हैं।
आम आदमी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र से लेकर उसमें होने वाली हर गतिविधि में उन्होंने अपना पूरा योगदान दिया। मेधा पाटेकर ने मीडिया के सामने आप की नेशनल काउंसिल से निकाले गए प्रशांत भूषण, प्रोफेसर आनंद कुमार और अजित झा की भी तारीफ की।