नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित शारदा विश्वविद्यालय में बीएमआईटी प्रथम वर्ष का कश्मीरी छात्र एहतेशाम बिलाल संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। यह वही छात्र है जो पिछले दिनों हुए विवाद व मारपीट के दौरान घायल हुआ था। विवि प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की है। छात्र की अंतिम लोकेशन 28 अक्तूबर की शाम उसके घर से 40 किमी दूर श्रीनगर के करीब मिली है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से श्रीनगर (जम्मू एवं कश्मीर) निवासी एहतेशाम को अफगानी समझकर कुछ लड़कों ने पीटा था। विवि प्रशासन के मुताबिक वह 28 अक्तूबर को अपने घर गया था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। पिता ने फोन किया तो उसकी लोकेशन श्रीनगर के करीब मिली, जबकि उसने कहा कि वह दिल्ली मेट्रो में है।
पुलिस के अनुसार यह जांच का विषय है कि उसने ऐसा क्यों कहा कि वह दिल्ली मेट्रो में है। विश्वविद्यालय के ज्वाइंट रजिस्ट्रार अजीत कुमार ने कहा कि छात्र अपने घर के लिए निकला था और श्रीनगर के करीब तक पहुंच भी गया था। इसके बाद से उससे संपर्क नहीं हुआ है।
मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जा रही है। उसकी अंतिम लोकेशन अपने घर के करीब ही था। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है।
- अरविंद पाठक, थाना प्रभारी, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा