दावा किया जा रहा है कि यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड करने वाला यही छात्र पूर्व में वायरल हुए एक वीडियो में धमकी भरे लहजे में बात करता दिख रहा है। छात्र वायरल वीडियो में कुछ युवकों से झगड़े के संबंध में पूछने पर ‘अच्छे मारा था’ कहता दिखता है। इसके बाद वह यह भी कह रहा है कि ‘वह तीन तक काउंट करेगा.. यहां से भाग जाओ’।
इसके चलते यू-ट्यूब पर वायरल हुए वीडियो को उसके बैकफुट पर आने का दावा किया जा रहा है। वहीं, बताया जा रहा है कि इस छात्र को अन्य तीन छात्रों के साथ निलंबित किया गया था। अगर, विवि की जांच रिपोर्ट और पुलिस व खुफिया विभाग की रिपोर्ट में इन छात्रों को दोषी पाया जाता है, तो उन्हें अफगानिस्तान वापस भेज दिया जाएगा।
दोषी छात्रों पर कार्रवाई तय, अभिभावकों से हुई वार्ता
विवि प्रबंधन ने जांच पूरी करने के लिए छात्रों व उनके अभिभावकों को बुलाकर वार्ता की। विवि प्रबंधन ने दावा किया है कि सोमवार को जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी। माना जा रहा है कि दोषी छात्रों पर कार्रवाई तय है। ये कार्रवाई त्रिस्तरीय हो सकती है। इसमें दोषी छात्रों को विवि से निकालने, कुछ छात्रों को चेतावनी देने और निर्दोष छात्रों को बचाने का भी विवि प्रशासन का प्रयास रहेगा। इस संबंध में एसपी देहात विनीत जायसवाल ने बताया कि रिपोर्ट के संबंध में सोमवार को प्रबंधन से वार्ता की जाएगी। विवि के ज्वाइंट रजिस्ट्रार अजीत कुमार ने बताया कि सोमवार को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। छात्रों का पक्ष सुनने के लिए उनसे व उनके अभिभावकों से वार्ता की गई है।