भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती देखकर शाहीन बाग के प्रदर्शनकारी चौकन्ना हो गए। रविवार को यहां बाकी दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ दिखी। महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की तादाद कई गुना थी। लोगों को पूरा दिन इस बात की फिक्र रही, कि कहीं पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई न कर दे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार से दिल्ली पुलिस शाहीन बाग के ऊपर ड्रोन से निगरानी रखे हुए हैं।
पांच बेरीकेड से नागरिकों की सुरक्षा
शाहीन बाग और सरिता विहार के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने 5 स्थानों पर बेरीकेड लगा रखी है। तीन शाहीन बाग की ओर और दो सरिता विहार की ओर लगाई गई हैं। रविवार को मीडिया के लोगों को भी सरिता विहार के पास लगी बेरीकेडिंग के पास ही रोक दिया गया। हालांकि इस बीच पुलिस की ओर से कई एंबुलेंसों को जाने की अनुमति दी गई।
सरिता विहार में रेहड़ी वालों नहीं जाने दिया गया
इलाके में हिंसा की आशंका जताते हुए पुलिस ने सरिता विहार में सब्जी, फलों और नारियल पानी बेचने वाले रेहड़ी दुकानदारों को नहीं जाने दिया गया। पुलिस नहीं चाहती थी कि खराब माहौल के बीच अल्पसंख्यक धर्म का दुकानदार बहुसंख्यक इलाके में जाए। हालांकि सब्जी बेचने वाले एक दुकानदार ने बताया कि सरिता विहार कॉलोनी के लोग काफी अच्छे हैं।