शाहीन बाग प्रदर्शन स्थल से करीब 150 मीटर दूर हवाई फायरिंग करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किए गए कपिल गुर्जर को दिल्ली की एक अदालन ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि आरोपी कपिल दिल्ली-नोएडा सीमा के पास दल्लुपुरा का रहने वाला है।
घटना के बाद शाहीन बाग में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। ऐहतियात के तौर पर शाहीन बाग में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, कपिल शनिवार शाम बेरीकेड के पास पहुंचा और ‘जय श्रीराम’, ‘हिंदू राष्ट्र जिंदाबाद’, ‘हमारा देश हिंदू राष्ट्र है’ जैसे नारे लगाने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने पिस्टल निकालकर हवा में दो गोलियां चला दीं।
सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझ नहीं आया। इससे पहले कि प्रदर्शन में मौजूद लोग कपिल के पास पहुंचते, पुलिस व सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू कर लिया। उसे कार में बिठाकर सरिता विहार थाने लाया गया।
शाहीन बाग प्रदर्शन के खिलाफ तीसरी वारदात
गुरुवार को जामिया से राजघाट जा रहे पैदल मार्च के दौरान जेवर निवासी नाबालिग लड़के ने भीड़ पर गोली चला दी थी। गोली जामिया के छात्र शादाब फारुक को लगी थी। इस घटना की खूब निंदा हुई थी। इससे करीब एक सप्ताह पूर्व शाहीन बाग में प्रदर्शन वाले स्थान पर हाजी लुकमान पिस्टल लेकर घुस गया था। वह गाली-गलौज करते हुए महिलाओं को प्रदर्शन खत्म करने की धमकी दे रहा था।
उधर, प्रदर्शन में मौजूद लोगों का कहना था कि चुनाव के दौरान चल रहे नफरत भरे भाषणों से प्रभावित होकर ही नौजवान ऐसी वारदात कर रहे हैं। उन्होंने नेताओं से नफरत फैलाने वाले बयान न देने की अपील की थी।