कोरोना वायरस महामारी के दौरान हमने कई बार ऐसा सुना है कि इसके चलते जान गंवाने वालों के शव का अंतिम संस्कार करने में काफी परेशानी आती रही है। कोरोना से मरने वालों के परिवार वाले भी कई बार इस बीमारी से संक्रमित होते हैं ऐसे में वह अपने परिजन का अंतिम संस्कार नहीं कर पाते। ऐसे ही कुछ लोगों और जिनकी कोई पहचान नहीं हो पाती ऐसे कोरोना मृतकों का अंतिम संस्कार करता है शहीद भगत सिंह सेवाल दल।
अपनी संस्था के जरिए अब तक ऐसे 165 लोगों का अंतिम संस्कार कर चुके जितेंद्र सिंह शंटी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपने इस कार्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ा तो उसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने खास सेवा शुरू की।
उन्होंने बताया कि इस खास सेवा के अंतर्गत वह 165 शवों का अंतिम संस्कार कर चुके हैं। इसमें से 35 शव ऐसे थे जिनके परिवार वालों में से अंतिम संस्कार के वक्त कोई भी शामिल नहीं था। साथ ही हमने 7 लावारिस लाशों का भी अंतिम संस्कार किया है।
आपको बता दें कि कोरोनावायरस के कारण कई ऐसी लाशें हैं जिसे लेने उनके परिवारवाले नहीं आते हैं फिर उन्हें हॉस्पिटल की मदद से उनका अंंतिम संस्कार किया जाता है।
गौरतलब है कि जितेन्द्र सिंह शंटी सहित पूरी फैमिली हाल ही में कोरोनावायरस से महामारी से संक्रमित हो गई थी लेकिन जितेंद्र सिंह का जज्बा बिल्कुल कम नहीं हुआ। वह इस संक्रमण से ठीक होते ही अपने काम पर वापस लौटे और फिलहाल वह बिल्कुल ठीक हैं। आपको बता दें कि जितेंद्र सिंह के इस काम को सोशल मीडिया पर काफी तारीफ भी मिली है।