संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कांवड़ यात्रा के चलते शाहदरा जीटी रोड पर आम वाहनों की आवाजाही 12 अगस्त तक बंद रहेगी। अप्सरा बॉर्डर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले मार्ग को यातायात पुलिस ने बंद किया है। इसके चलते आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा, वजीराबाद रोड, स्वामी दयानंद मार्ग और लोनी रोड समेत यमुनापार की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। पांच मिनट का सफर पूरा करने में वाहन चालकों को करीब आधे घंटे लग रहे हैं।
यातायात पुलिस उपायुक्त के. रमेश
ने बताया कि अप्सरा बॉर्डर के गोलचक्कर को बंद कर दिया गया है। आनंद विहार और सीमापुरी की तरफ से आने वाले वाहनों को जीटी रोड पर नहीं आने दिया जा रहा है। इन वाहनों को अंडरपास के रास्ते निकाला जा रहा है। वहीं, विवेक विहार और जगतपुरी से कैशव चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी जीटी रोड पर जाने की अनुमति नहीं है।
वहीं सीलमपुर और धर्मपुरा लालबत्ती को खुला रखा जाएगा। मौजपुर से गांधी नगर या पुरानी दिल्ली जाने वाले वाहन धर्मपुरा होते हुए पुराने लोहे के पुल का रास्ता ले सकेंगे। वहीं, शास्त्री पार्क चौक से गीता कॉलोनी और पुरानी दिल्ली की ओर भी जाया जा सकेगा। हालांकि, इस रास्ते से कश्मीरी गेट की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
आनंद विहार और सीमापुरी से आने वाली बसों के बदले रूट
शाहदरा जीटी रोड बंद होने के कारण आनंद विहार और सीमापुरी से कश्मीरी गेट जाने वाली बसों को भी दूसरे मार्गों से भेजा जाएगा। पुलिस ने इस मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही 12 अगस्त तक प्रतिबंधित की है।
इन रास्तों पर रहेगा ज्यादा दबाव
शाहदरा जीटी रोड बंद होने का असर इससे जुड़ी सड़कों पर भी पड़ रहा है। आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा, वजीराबाद रोड, स्वामी दयानंद मार्ग और लोनी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल करें और संभव हो तो मेट्रो से सफर करें।