राजधानी में बृहस्पतिवार को घने काले बादल छाने के बाद शुरू हुई बारिश ने गुलाबी ठंड का अहसास कराया। भोर में शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तक अलग-अलग इलाकों में होती रही। बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने 24 घंटे में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस गिरा दिया। अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश ने पिछले 15 वर्षों में सबसे कम अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई है।
ठंडी हवाओं ने बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के चलते मौसम में बदलाव आया। इस दौरान बारिश और उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाओं के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान ने वर्ष 2011 के बाद से अभी तक के सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बृहस्पतिवार को 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।