सेक्टर बीटा 2 क्षेत्र निवासी गैंगरेप पीड़ित युवती ने बच्ची को जन्म दिया है। आरोप है कि पीड़िता गैंगरेप के बाद गर्भवती हुई थी। पीड़िता का कहना है कि बच्ची को किसका नाम दूं।
युवती के साथ डाढ़ा गांव निवासी चाचा और भतीजे ने गैंगरेप किया था। करीब नौ महीने पहले कोर्ट के माध्यम से पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने कोर्ट में गवाही देने से रोकने और मुकदमा वापस न लेने पर बीती 23 मई को उसकी स्कूटी को कार से टक्कर मारी थी। उसके साथ मारपीट भी की गई थी। इसे हमले में युवती के दोनों हाथ और पसली में फ्रेक्चर हुआ था।
आरोपी बेसुध युवती को मरा समझ फरार हो गए थे। आरोप है कि बीटा 2 पुलिस ने सात दिन बाद तक कार्रवाई नहीं की। बाद में एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद भी जुलाई में आरोपियों ने घर में घुसकर दोनों मुकदमे वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के परिवार वालों ने एसएसपी से इसकी शिकायत की थी। बाद में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दूसरा अभी भी फरार है। वहीं पीड़िता ने एक प्राइवेट अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। पीड़िता का कहना है कि अब वह बच्ची को किसका नाम दे। पीड़िता का यह भी कहना है कि गवाही देने पर आरोपी उसकी हत्या कर सकते हैं।
मामले में मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़िता को गवाही पर सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
-रणविजय सिंह, एसपी देहात