पूर्वी दिल्ली। शांति मार्ग की गली नंबर-8 में सीवर ओवरफ्लो होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि गली में सीवर का गंदा पानी दिनभर सड़क पर बहता रहता है। इसके अलावा गली के बीच में बने एक निजी सीवेज पिट के लगातार ओवरफ्लो होने से स्थिति और बिगड़ गई है। इससे पूरी गली में गंदगी फैली हुई है और लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी निखिल कुमार ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों को रोजाना सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से शिकायत कर जल्द समस्या के समाधान, गली में बने निजी सीवेज पिट की जांच और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से तुरंत सफाई कराकर गली को गंदगी से मुक्त करने की अपील की है। ब्यूरो