- संपर्क तार बदलने के लिए 15 से 21 सितंबर तक अलग-अलग दिन ट्रेनों के संचालन में किया गया बदलाव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गाजियाबाद यार्ड में संपर्क तार बदलने का काम होने के कारण 15 से 21 सितंबर तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। गाजियाबाद-महरौली और गाजियाबाद-सीवाईजेड लाइन पर बचे हुए संपर्क तार को बदलने के लिए तीन घंटे के तीन अलग-अलग बिजली और ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाएंगे। इससे कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का मार्ग बदला जाएगा। कई ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा और कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से रवाना होंगी।
उत्तर रेलवे के अनुसार, बरेली-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 54075 को 16, 18 और 20 सितंबर को बरेली से रद्द रखा जाएगा। दिल्ली जंक्शन-सतरोड ट्रेन संख्या 54085 और सतरोद-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 54086 को 17, 19 और 21 सितंबर को रद्द किया गया है। वहीं, दिल्ली जंक्शन-बरेली ट्रेन संख्या 54076 भी 17, 19 और 21 सितंबर को रद्द रहेगी।
दो ट्रेनों का बदलेगा मार्ग
हावड़ा जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन संख्या 13065 को 17 सितंबर को सामान्य मार्ग मुरादाबाद-हापुड़-पिलखुआ-गाजियाबाद के बजाय मुरादाबाद-लाक्सर जंक्शन-रुड़की-तापरी-मेरठ सिटी-गाजियाबाद होकर चलाया जाएगा। इस दौरान गजरौला जंक्शन और हापुड़ पर इसका ठहराव नहीं होगा। लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन संख्या 04013 को 15, 17 और 19 सितंबर को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन भी मुरादाबाद-लक्सर जंक्शन-रुड़की-तापरी-मेरठ सिटी-गाजियाबाद होकर आनंद विहार पहुंचेगी।
इसके अलावा, काठगोदाम-जैसलमेर ट्रेन संख्या 15014 को 16, 18 और 20 सितंबर को मुरादाबाद मंडल में 70 मिनट तक रोका जाएगा। अयोध्या कैंट-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 14205 को 50 मिनट और राजगीर-नई दिल्ली ट्रेन संख्या 12391 को 40 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।