ओआरआर से लेबर चौक, बाबा कॉलोनी और नत्थूपुरा से हिरणकी तक सड़कें होंगी मजबूत, सीवर कार्य से क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी होगा नए सिरे से निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी रोड और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को जल्द ही टूटी सड़कों, गड्ढों और उखड़ी सड़क से होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मुख्य बुराड़ी रोड के कई हिस्सों के सुदृढ़ीकरण और पुनर्विकास की योजना बनाई है। इसमें सीवर लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़क को दोबारा बनाने का काम भी शामिल है। विभाग ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है।
परियोजना के तहत आउटर रिंग रोड (ओआरआर) से लेबर चौक तक सड़क के बाएं हिस्से का सुधार किया जाएगा। वहीं, लेबर चौक से बाबा कॉलोनी तक सड़क के दोनों तरफ और नत्थूपुरा से हिरणकी तक दोनों हिस्सों को मजबूत बनाया जाएगा। इसके अलावा बाबा कॉलोनी से अमृत विहार तक सीवर कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़क का नए सिरे से निर्माण होगा। सड़क खोदने के बाद समतल नहीं किए जाने से लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। बारिश के दौरान इन हिस्सों में जलभराव और गड्ढों की समस्या भी बढ़ जाती है।
एम-40 ग्रेड कंक्रीट से बनेगी सड़क
योजना के तहत पुरानी सीमेंट कंक्रीट सड़क हटाकर मलबा साफ किया जाएगा। इसके बाद सड़क की निचली परत तैयार कर एम-40 ग्रेड कंक्रीट से नई सड़क बनाई जाएगी। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊ क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने पर स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।