लक्ष्मी नगर, अक्षरधाम और प्रीत विहार में सड़कों पर भरा पानी, सीवर में गाद मिलने से ड्रेनेज सिस्टम फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में चंद घंटों की बारिश में ही लक्ष्मी नगर, अक्षरधाम और प्रीत विहार समेत कई इलाके जलमग्न हो गए। इस कारण शहर में जगह-जगह जाम लगने के कारण वाहनों की रफ्तार थम सी गई। यानी एक बार फिर बारिश ने एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी समेत कई विभागों की पोल खोल दी है।
जलभराव के चलते नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।बारिश का सबसे ज्यादा असर पूर्वी दिल्ली के अक्षरधाम, मदर डेयरी रोड, लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार, प्रीत विहार, राम विहार, रोड नंबर-71 और राम विहार विस्तार में देखने को मिला। विकास मार्ग, लोनी रोड और सराय काले खां जैसे अति-व्यस्त इलाकों में वाहन जाम में फंसे रहे। कई दोपहिया वाहन रास्ते में ही बंद हो गए, जिस वजह से उन्हें धक्का मारना पड़ा।
लक्ष्मी नगर निवासी सुमित कुमार ने कहा कि जब भी दिल्ली में थोड़ी-सी बारिश होती है, लक्ष्मी नगर में जलभराव हो जाता है और विकास मार्ग पर जाम लग जाता है। वहीं, शास्त्री पार्क निवासी अनस खान ने बताया कि कुछ दिन पहले ही सीवर से गाद निकाली गई थी, लेकिन बारिश के बाद सीवर की गाद वापस सीवर में पहुंच गई, जिससे सीवर चोक हो गया।
सीवर में गाद, ड्रेनेज सिस्टम चोक
शास्त्री पार्क, सीलमपुर और जाफराबाद जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में सड़कों के किनारे पड़ी मिट्टी और गाद बारिश के तेज बहाव के साथ बहकर सीवर लाइनों में जमा हो गई। नतीजा सीवर पूरी तरह चोक हो गए और पानी की निकासी रुक गई। सड़कों पर जमा गंदा पानी लोगों की दुकानों के मुहाने तक पहुंच गया, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी हुई। जलभराव की स्थिति को देखते हुए दिल्ली नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड की टीमें हरकत में आईं। शास्त्री पार्क और उसके आसपास के इलाकों में पीडब्ल्यूडी की गाड़ियां और हैवी पंप सड़कों से पानी खींचकर निकालते हुए दिखाई दिए। इसके साथ ही, दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारियों ने चोक हो चुके सीवरों को खोलने और गाद साफ करने का काम शुरू किया।
शालीमार बाग-पीतमपुरा में पार्क, ड्रेनेज और सीवरेज परियोजनाओं का लोकार्पण
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग और पीतमपुरा में आधुनिक ड्रेनेज और सीवरेज परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा डीटी मॉल से सीए ब्लॉक, शालीमार विलेज चौक अंडरपास, आरयूबी से जीटी करनाल रोड और शालीमार चौक तक तैयार आधुनिक जल निकासी परियोजनाओं की भी शुरुआत के साथ शालीमार गांव और सहीपुर गांव की पुरानी सीवरेज समस्या के समाधान के लिए अतिरिक्त सीवेज पंपिंग स्टेशन और डिलीवरी लाइन शुरू की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जलभराव से स्थायी राहत देने के लिए दीर्घकालिक आधारभूत ढांचा विकसित कर रही है। उन्होंने पीतमपुरा के बीडी-एफडी पार्क में सौंदर्यीकरण और 93 नई एलईडी लाइटों का उद्घाटन करने के साथ एनपी ब्लॉक डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य सेवाओं, सिंघलपुर स्थित मुनक नहर की सफाई और जल प्रबंधन तथा डीएसईयू कस्तूरबा परिसर में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास सुविधाओं का निरीक्षण किया। ब्यूरो