राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी का अंतिम दिन बृहस्पतिवार न सिर्फ इस पूरे महीने का सबसे ठंडा दिन रहा बल्कि बीते सात वर्षों में 28 फरवरी की तारीख को पारे में इतनी बड़ी गिरावट नहीं दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री सेल्सियस कम 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान औसत से छह डिग्री सेल्सियस कम 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़-हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में दो और तीन मार्च को वर्षा, गर्जन के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। करीब तीन वर्षों के बाद फरवरी महीने में मौसम का यह उतार-चढ़ाव महसूस किया जा रहा है। इस महीने सात बार पश्चिमी विक्षोभ बने हैं वहीं, दो अन्य का अनुमान लगाया गया था। बृहस्पतिवार को सुबह धूप खिली लेकिन शाम होते ही हल्की ठंड भी बढ़ गई। पारे में बड़ी गिरावट है। यदि दो और तीन मार्च को बारिश होती है तो पारे में यह गिरावट बनी रह सकती है। पांच मार्च तक मौसम में यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।