ग्रेटर नोएडा में सोमवार रात एक्सिस बैंक के एटीएम में तैनात गार्ड से उसकी बंदूक लूटने और एटीएम को नुकसान पहुंचाने के प्रयास में कासना पुलिस ने सात छात्रों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक होंडा सिटी कार भी बरामद की है।
इनकी पहचान प्रणव शर्मा पुत्र रमेशचंद्र शर्मा निवासी बरेली, प्रभांशु शर्मा पुत्र ललित शर्मा निवासी सिकंद्राबाद, पंकज कुमार पुत्र रामनाथ सिंह निवासी अमरोहा, सुमित कुमार पुत्र जगदीश निवासी आगरा, पंकज पुत्र मंशीलाल निवासी आगरा, विभव मिश्रा पुत्र विवेकानंद मिश्रा निवासी शाहपुर गोरखपुर, राहुल चंद्रा पुत्र श्रीकृष्ण निवासी अमेठी के रूप में हुई है।
सभी नॉलेज पार्क स्थित एक कॉलेज के छात्र हैं। कासना कोतवाल समरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार रात में रामपुर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ पर गार्ड श्यामसिंह ड्यूटी पर था। रात करीब 1:30 बजे होंडा सिटी कार में सवार एक युवक बूथ पर पहुंचा। बूथ पर अंदर देखने के बाद लौटकर कार के पास पहुंचा।
कार से छह सात लड़के नीचे उतरकर बूथ पर पहुंचे और गार्ड से बंदूक छीनने लगे। गार्ड ने विरोध करते हुए बंदूक से फायर कर दिया। इस पर सभी भाग गए। गार्ड ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कासना पुलिस ने जगत फार्म के पास से छात्रों को पकड़ लिया। पुलिस ने गार्ड की तहरीर पर सातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।