वारदात 2- प्रॉपर्टी विवाद में पुलिस के सामने ही मार दी गोली, मां-बेटी जख्मी
मंगोलपुरी में प्रॉपर्टी विवाद में एक युवक, मां और बहन को बुरी तरह लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा गया। इसके बाद विनोद उर्फ शिवम (30) को गोली मार दी गई। विनोद को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में विनोद की मौत हो गई। हमले में विनोद की बुजुर्ग मां मालती देवी और बहन शिवानी बुरी तरह जख्मी हो गए। अस्पताल में मां की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने फसाद करने, मारपीट, हत्या के प्रयास और हत्या का मामला दर्ज आरोपी उमेश देवी और बेटे विवेक को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वारदात मंगोलपुरी एफ-ब्लॉक के एक मकान में रात करीब 8:30 बजे हुई। मकान में विनोद परिवार के साथ रहता है। भूतल को विनोद के परिवार ने करीब चार साल पहले उमेश देवी के परिवार को बेच दिया था। शिवानी का आरोप है कि उमेश देवी पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। इससे आए दिन कोई न कोई फसाद करती है। शिवानी का आरोप है कि कुछ समय पूर्व उसने छत काटकर घर पर कब्जे का प्रयास किया था। प्रॉपर्टी विवाद में सोमवार को रात को उमेश और परिवार ने पहली मंजिल पर आकर परिवार पर हमला कर दिया। लाठी, डंडे, पत्थर, लात-घूंसों से उन पर हमला किया। उमेश ने अपने कुछ अन्य जानकार लोगों को भी बुला लिया। हमले में विनोद, मां मालती और बहन शिवानी बुरी तरह जख्मी हो गए। बाद में विनोद की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी से मामले की पड़ताल कर रही है।
वारदात 3- मोबाइल छीनने का विरोध करने पर हत्या
होली के दिन तीन दोस्त पार्क में बैठकर शराब पी रहे थे। इस बीच दो दोस्तों ने तीसरे का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने बड़ा पत्थर उठाकर दोस्त के सिर पर वार कर दिया। इससे राजकरन (35) की मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज कर सीमापुरी थाना पुलिस ने दोस्त गोविंदा (40) और विकास उर्फ नोनू (25) को गिरफ्तार कर लिया। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी के अनुसार, सूचना मिली थी कि चिंतामणि लाल बत्ती, सीमापुरी में पार्क में युवक के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली थी। युवक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जांच के दौरान पता चला कि राजकरन परिवार के साथ दीपक कालोनी सीमापुरी में रहता था। जिस जगह हत्या हुई वह मेट्रो स्टेशन का पार्क था। एरिया शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन थाना पुलिस था। ऐसे में वहां हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच में गोविंदा और विकास को दबोच लिया गया। शराब के नशे में वह मोबाइल छीन रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया।
वारदात 4- पत्नी का गला रेता, पति सहित चार गिरफ्तार
अलीपुर में पति ने पत्नी आरती (27) की गला रेतकर हत्या कर दी। आरती के परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वाले उसे परेशान करने के अलावा पीटते थे।
पुलिस ने हत्या, दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पति मनजीत (30), ससुर भीम (52), सास मीना (48) और देवर मनीष (27) को गिरफ्तार किया है। अलीपुर थाना पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम भी जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरती परिवार के साथ बलधारी काॅलोनी, बख्तावरपुर, अलीपुर में रहती थी। छह साल पहले आरती की शादी मंजीत से हुई थी। दंपती का एक बेटा व बेटी है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसियों ने आरती के बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी तो वह घर पहुंचे। घर में खून से लथपथ आरती का शव पड़ा था। उसका गला रेता हुआ था। मनजीत का परिवार फरार था। पुलिस ने नजफगढ़ निवासी आरती के भाई, ताऊ और मां के एसडीएम ने बयान दर्ज किए। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
वारदात 5- बाइक सवार युवकों ने मारा चाकू, एक की मौत
बुराड़ी में 100 रुपये नहीं देने पर बाइक सवार युवकों ने दो लोगों को चाकू मार दिया। गंभीर हालत में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां सहरसा निवासी अखिलेश कुमार (26) की मौत हो गई। घायल चंदन कुमार (42) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने चंदन का बयान लेकर हत्या का मामला दर्ज कर किया है।
आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे टीम को सूचना मिली कि बुराड़ी के हरित विहार, काली माता मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान के बाहर दो लोगों को चाकू मार दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचने पर अखिलेश की मौत का पता चला। उसे तीन चाकू मारे गए थे, जबकि चंदन को एक चाकू लगा था।
चंदन ने बताया कि वह निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे थे। इस बीच बाइक सवार दो युवक नशे में धुत होकर आए। आरोपियों ने उनसे 100 रुपये मांगे। उन्होंने मना किया तो युवकों से उनकी बहस हो गई। आरोपी वहां से चले गए। कुछ देर बाद और लड़कों के साथ आरोपी वहां पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया।
वारदात 6- स्मैक लेने के विवाद में युवक की हत्या, चार तस्कर पकड़े
गुलाबी बाग में स्मैक लेने के विवाद में सोमवार शाम पीट-पीटकर मोहम्मद कामिल की हत्या कर दी गई। किशनगढ़ रेलवे स्टेशन के पास स्मैक लेने गए कैब चालक आमिर का कुछ तस्करों से झगड़ा हो गया था। आमिर ने कॉल कर भाई, पिता व छह-सात अन्य लोगों को बुला लिया। झगड़े के दौरान आमिर, कामिल, अंसार व कई अन्य जख्मी हो गए। घायलों को बाड़ा हिन्दूराव अस्पताल ले जाया गया, जहां कामिल को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल, मामले में चार तस्करों को हिरासत में लिया गया है, बाकी की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि ओला कैब चालक आमिर (24) परिवार के साथ जखीरा, भूसा मंडी में रहता है। सोमवार शाम को वह सवारी छोड़ने के बाद घर लौट रहा था। इस बीच वह किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों में स्मैक लेने पहुंच गया। स्मैक को लेकर उसका कुछ तस्करों से विवाद हो गया। इस पर लड़कों ने कैब के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद आमिर ने कॉल कर भाई कामिल, पिता अंसार व अन्यों को बुला लिया।
वारदात 7- युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या
बाहरी दिल्ली के राज पार्क में जसलीन उर्फ जस्सी कौर (24) की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मंगलवार तड़के राहगीरों ने शव सीआरपीएफ कैंप, सुल्तानपुर माजरा के पास पड़ा हुआ देखा। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास बड़ा पत्थर पड़ा हुआ मिला। आशंका व्यक्त की जा रही थी कि इससे युवती की हत्या की गई। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस शुरुआती जांच के बाद पता चला कि युवती सुल्तानपुरी गुरुद्वारे के पास रहती थी। पुलिस परिवार से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। परिजनों से पूछताछ के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।