बुधविहार में बाइक सवार बदमाशों ने डेयरी मालिक के बेटे को गोली मारने की धमकी देकर करीब सात लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के आने से पहले एक कर्मचारी रुपये का कलेक्शन कर डेयरी पर आया था। बदमाश अपने साथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी ले गये। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उज्जवल गुप्ता(22) सपरिवार सेक्टर 4 रोहिणी में रहता है। वह इग्नू से एमकॉम की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता सुनील कुमार गुप्ता का सेक्टर 5 रोहिणी में डेयरी है। उसके पिता ने अमूल दूध की एजेंसी ले
रखी है। उज्जवल पढ़ाई के साथ साथ अपने पिता के काम में भी मदद करता है। उज्जवल शुक्रवार शाम चार बजे दुकान पर पहुंचा। उसके पिता उसे दुकान में बिठाकर किसी काम से बाहर चले गए। दुकान में
उज्जवल के अलावा उसका नौकर कौशल और सेल्समैन प्रमोद था। जो रुपये का कलेक्शन करने के बाद वहां आया था।
इसी दौरान बाइक से तीन बदमाश उसकी दुकान पर आए। तीनों हरियाणवी भाषा में बोल रहे थे। आते ही तीनों ने पिस्टल निकाल लिया और उज्जवल को गोली मारने की धमकी देकर पैसे के बारे में पूछने
लगे। फिर बदमाशों ने गल्ले में रखे 60 हजार रुपये ले लिए। बदमाशों ने कहा कि उन्हें दुकान में करीब दस लाख रुपये होने की जानकारी मिली है।
आनाकानी करने पर उज्जवल को बदमाशों ने थप्पड़ मारे और फिर फोन छीन लिया। उसके बाद उनलोगों की निगाह एक बैग पर पड़ी। जिसे उनलोगों ने ले लिया। उसमें कलेक्शन के पैसे थे। बदमाश सीसीटीवी देखकर डीवीआर की मांग की और उसे खोलकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने दुकान से करीब 7 लाख रुपये लूटे जाने की शिकायत की है। पुलिस छानबीन में जुटी है।