उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस के विदेशी प्रकोष्ठ ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल 7 बांग्लादेशियों को पकड़ा है। ये आरोपी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे। ये रात को आपराधिक वारदात करते थे और दिन में भीख मांगते थे। इनके कब्जे से प्रतिबंधित आईएमओ एप से लैस 5 स्मार्ट फोन जब्त किए गए हैं। इनकी पहचान फोइसल (19) पुत्र ऐनुद्दीन, संजना (26) पुत्र रतन मिया, फारिया पुत्र दिलवर ट्रांसजेंडर (22), एमडी. रूही (21) पुत्र एम.डी मनन, तोहा (20) पुत्र इदरीश, लिटन उर्फ निखिल (34) पुत्र इब्राहीम उर्फ आशु और अलामीन (33) पुत्र अकबर के रूप में हुई है।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि विदेशी प्रकोष्ठ प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार की टीम ने 7 जुलाई को मुकुंदपुर फ्लाईओवर के नीचे से पांच ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और दो वयस्क पुरुषों को गिरफ्तार किया। बांग्लादेशी नागरिक बिना वैध यात्रा दस्तावेजों, वीजा या परमिट के दिल्ली में रह रहे थे। जांच में पता लगा कि इन लोगों ने महिलाओं का रूप धारण कर लिया था। इन्होंने भारी मेकअप, साड़ी या सलवार सूट, कृत्रिम बाल (विग), चूडियां, बिंदी, ब्रेस्ट पफिंग और सजावट के अन्य सामान का इस्तेमाल किया। कुछ लोगों ने तो महिलाओं के हाव-भाव की नकल करने के लिए अपनी आवाज और शारीरिक भाषा में भी बदलाव कर लिया था। क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के साथ समन्वय में उनके निर्वासन के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू की जा रही है।