फरीदाबाद में गंभीर रूप से बीमार बच्चों के अभिभावकों को उनके इलाज और उसमें होने वाले महंगे खर्च के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।
अब ऐसे बच्चों का इलाज स्वास्थ्य विभाग कराएगा। विभाग ने पीजीआई चंडीगढ़ के साथ एमओयू साइन किया है, जिसमें किसी भी बीमार बच्चे को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना को जिले में शुरू किया गया है, जिसमें ऐसे कई बच्चे शामिल हैं, जो कि विभिन्न प्रकार के गंभीर रोगों से ग्रस्त हैं। विभाग के अनुसार, जो बच्चे सामने आए हैं, उन सभी बच्चों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
इन बच्चों की केस हिस्ट्री स्वास्थ्य मुख्यालय भेजी गई थी, जिसके बाद मुख्यालय से यह निर्देश जारी किए गए कि ऐसे सभी बच्चों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जाए।
यहां बच्चों को सारी सुविधाएं फ्री में दी जाएंगी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना की नोडल अधिकारी डॉ. गीता पालिया ने बताया कि यह एक अच्छी पहल है, क्योंकि कई बार इलाज के महंगे खर्च को देखकर लोग अपने बच्चों का इलाज नहीं करवाते।