पटियाला हाउस कोर्ट ने कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर शाह की उस याचिका पर तिहाड़ जेल के अधिकारियों से सोमवार को जवाब मांगा, जिसमें उसने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर अगल कोठरी देने की आ अनुरोध किया है। शाह आतंकवाद के लिए कथित तौर पर धन शोधन के दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार है।
विशेष न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने शब्बीर शाह की याचिका पर सुनवाई करते हुए तिहाड़ जेल अधीक्षक को नोटिस जारी कर एक जुलाई तक उनका जवाब मांगा। इस याचिका में शाह की वकील कौसर खान ने दलील दी कि शाह ह्रदय रोग समेत कई बीमारियों से ग्रसित हैं और कमजोर प्रतिरक्षा तंत्र की वजह से उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण होने का अधिक खतरा है। इस बाबत उन्होंने जेल प्रशासन को यह निर्देश देने का अनुरोध किया है कि शाह का इलाज कराया जाए और उन्हें जेल में अलग से एक कोठरी दी जाए, ताकि वह सुरक्षित महसूस कर सकें।
याचिका में वकील ने कहा कि जेल नियमावली में महामारी की स्थिति में अस्थायी आवास उपलब्ध कराने का प्रावधान है। यह याचिका शाह ने अपनी पत्नी को इस बारे में बताने के बाद वकील के जरिए दायर की। आतंकवादी संगठन के लिए कथित तौर पर धन शोधन के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शाह को 25 जुलाई 2017 को गिरफ्तार किया था।