संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
नूंह जिले के बझेड़ा गांव के जंगलों में 26 वर्षीय महिला हसीना का शव कुएं से मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रफीक पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ लूट, डकैती व मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मायके पक्ष को सौंप दिया है। मृतका के भाई शकील ने आरोप लगाया कि रफीक ने खुद हत्या करने और शव को जंगल में फेंकने की बात कबूल की थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले हसीना के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसने पड़ोसी के मोबाइल से डायल 112 पर कॉल की थी।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी रफीक नाराज था। आरोप है कि उसने पहले हसीना को गाड़ी से टक्कर मारी और फिर उसकी हत्या कर दी। सबूत छिपाने के लिए शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।