सेक्टर- 8 पुलिस चौकी के पास वरिष्ठ नागरिक भवन बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।क्षेत्रीय विधायक विपुल गोयल ने इसकी शुरूआत कराई। इसके निर्माण की लागत तकरीबन 94 लाख रुपये आएगी। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया गया।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से बुजुर्गों के मनोरंजन व अच्छा समय व्यतीत करने के लिए एक उपयुक्त स्थान की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब सीनियर सिटीजन भवन बन जाने से बुजुर्गों को मनोरंजन और आपसी मिलन के लिए एक अच्छी जगह उपलब्ध होगी।
वरिष्ठ नागरिक भवन 3100 स्क्वायर मीटर एरिया में बनाया जाएगा। इसमें दो कॉनफ्रेंस हॉल, डिस्पेंसरी, इंडोर गेम रूम, रसोई, स्टोर आदि की सुविधा रहेगी। इस मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष एसआर रावत, महासचिव वीके भरारिया, उपाध्यक्ष जयकरण, वजीर सिंह डागर, विष्णु गुप्ता, राजपाल शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान तिलक राज शर्मा, बीएल गुप्ता, मेहंदी रत्ता, राज मदान, अमर बंसल आदि लोग मौजूद थे।