प्रदर्शनकारियों ने कार में आग लगाई
- फोटो : ANI
अपराध शाखा की एसआईटी ने सीमापुरी इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ दंगे के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह पर हमला करने वाले 7 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो बांग्लादेशी हैं। बालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को जेजे बोर्ड में पेश कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। बालिग आरोपियों को कड़कड़डूमा कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। ये आरोपी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पकड़े गए हैं।
अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी शहीद नगर, गाजियाबाद निवासी मोहम्मद शोएब (19), पुरानी सीमापुरी निवासी यूसुफ (40), पीलीभीत निवासी मोहम्मद आमिर (24), न्यू उस्मानपुर झुग्गी निवासी मोहम्मद आजाद (25) और मच्छी मार्केट, नई सीमापुरी निवासी मोहम्मद सुभान (27) हैं। इनमें से मोहम्मद आजाद व मोहम्मद सुभान को बांग्लादेशी बताया जा रहा है। इन सभी को इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह की टीम ने सीमापुरी दंगा मामले में गिरफ्तार किया है। इस मामले में स्थानीय थाना पुलिस 14 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सीमापुरी दंगा मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 19 हो गई है।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में मिली सीसीटीवी फुटेज साफ नहीं थीं। फुटेज की क्वालिटी सुधारने के लिए विशेषज्ञों का सहारा लिया गया था। इसके बाद फोटो व वीडियो देखे गए तो आरोपी हाथों में पत्थर व डंडे लिए नजर आ रहे थे। दिल्ली में हुए दंगों की जांच अपराध शाखा की एसआईटी कर रही है। दिल्ली दंगा मामले में 10 एफआईआर दर्ज हुई हैं।
अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेशियों की पहचान के लिए कुछ बांग्लादेशियों की ही सहायता ली जा रही है। बांग्लादेशियों की वीडियो व फुटेज के आधार पर भी पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहचान होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्हें नोटिस नहीं भेजा जाएगा।